उत्तर प्रदेश:- आगामी 19 अगस्त से कांग्रेस शुरू करेगी जय भारत महासम्पर्क अभियान.

कांग्रेस का जय भारत महासम्पर्क अभियान
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और जन समस्याओं पर चर्चा करने के लिए पूरे प्रदेश में महासम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के बारे में जानकारी देने के लिए प्रदेश सचिव और कानपुर प्रभारी मनोज तिवारी ने आज कानपुर में जिला और शहर अध्यक्षों के साथ बैठक कर दिशानिर्देश जारी किए।
शहर कांग्रेस कमेटी कानपुर दक्षिण के अध्यक्ष डॉ शैलेन्द्र दीक्षित ने बैठक के बाद बताया कि जय भारत महासम्पर्क अभियान 19 अगस्त से 21 अगस्त 2021 तक चलेगा। तीन दिन तक चलने वाले इस महा अभियान में प्रत्येक वार्ड में शहर कांग्रेस कमेटी का एक वरिष्ठ नेता और वार्ड का प्रभारी वार्ड में प्रवास करेंगे और कार्यक्रमों को संपन्न कराएंगे।
कार्यक्रम के पहले दिन प्रवास करने वाले नेता गण वार्ड अध्यक्ष और क्षेत्रीय कांग्रेस जनों के साथ मिलकर घर-घर जनसंपर्क करेंगे, वार्ड में प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर सामाजिक चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम के दूसरे दिन वार्डों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी, सार्वजनिक स्थलों पर कांग्रेस जन श्रमदान करेंगे, प्रवासी नेता वार्ड के सैनिक परिवारों, सफाई कर्मियों, शिक्षामित्रों को सम्मानित करेंगे। प्रत्येक वार्ड में स्व. स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती का आयोजन किया जाएगा और क्षेत्रीय जनता के साथ जन समस्याओं पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन प्रभात फेरी निकालकर युवाओं के साथ बातचीत की जाएगी और क्षेत्र की समस्याओं को साझा किया जाएगा, संविधान की शपथ ली जाएगी। कार्यक्रम में पत्रक भी वितरित किए जाएंगे।
तीन दिन तक चलने वाले इस महासम्पर्क अभियान की पूरी रिपोर्ट शहर कांग्रेस कमेटी के माध्यम से प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी जाएगी।